जम्मू में बड़ा सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 21 की मौत, 40 घायल
वीरवार के दिन जम्मू के अखनूर में जम्मू-पुंछ नेशनल हाइवे (144ए) पर अखनूर के टूंगी मोड़ क्षेत्र में बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 21 लोगों के मारे जाने की ख़बर है। करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 20 घायलों को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को खाई से निकाल कर अखनूर उपजिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
शुरुआती जानकारी में ये पता चला है कि उत्तर प्रदेश की ये बस जम्मू से शिवखोड़ी धाम जा रही थी। आपको बता दें कि शिवखोड़ी धाम रियासी जिले के पौनी में स्थित है, जो कि कटड़ा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर से मात्र 80 किलोमीटर की दूरी पर है। ये भगवान भोलेनाथ का मंदिर है।

हादसे के कारणों की बात करें तो बताया जा रहा है कि टूंगी मोड़ में ये बस गहरी खाई में गिरी, इस तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक बस के आने से बस के चालक का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनने के बाद आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, पुलिस को सूचित किया और खुद भी तुरंत राहत कार्य में जुट गए।

स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला, फिर रस्सी से कुछ को पीठ पर लादकर सड़क तक पहुंचाया। जहां से घायलों को पास के अस्पताल में पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बस में 75 यात्री सवार थे।